सहारनपुर। बीते दिनों हुई बारिश के कारण अंबाला रोड स्थित दबनी वाला कब्रिस्तान में अनेक कब्रों की मिट्टी एक से दो फुट तक बैठ गई थी। पार्षदों की मांग पर नगर निगम ने रविवार से कब्रिस्तान में अन्य जगहों पर हुए गड्ढों को भरने का काम शुरू किया।
पार्षद मंसूर बदर, शहजाद मलिक, सईद सिद्दीकी, मोहम्मद अहसान, शाहिद कुरैशी, सलीम अंसारी आदि ने करीब चार दिन पहले कब्रों की मिट्टी बैठ जाने तथा तालाब की साइड में कब्रिस्तान में बड़े बड़े गड्ढे होने की शिकायत महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह से की थी, साथ ही कब्रों और गड्ढों का मिट्टी से भराव की मांग भी की गई थी। मंसूर बदर ने बताया कि नगर निगम ने ट्रैक्टर ट्रॉलियों के माध्यम से गड्ढों और कब्रों के भराव का कार्य शुरू करा दिया है। इसके लिए उन्होंने और उनके साथी पार्षदों ने निगम का आभार व्यक्त किया है, साथ ही शिकायत की है कि कब्रिस्तान में पीछे की दीवार टूूूटी हुई है, जो एक व्यक्ति के द्वारा जानकर तोड़ी गई है। दीवार टूटने की वजह से कब्रिस्तान में पालतू जानवर घुस आते हैं, जिन्हें लेकर मुस्लिम समाज में नाराजगी है। उन्होंने दीवार बनवाने की भी मांग निगम अधिकारियों से की है।