रामपुर मनिहारान क्षेत्र में पूर्वी यमुना नहर के पुल की टूट कर गिरी डाॅट।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
पूर्वी यमुना नहर के पुल की दो डॉट की आधी छत टूटकर गिरने के बाद लोक निर्माण विभाग ने पुल पर अवरोध लगाकर चार पहिया वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद कर दिया है। उधर, 15 दिन बाद भी पुल की मरम्मत का कार्य शुरू न होने से स्थानीय लोगों में रोष बना हुआ है।
बता दें कि 15 दिन पहले इस्लामनगर रोड पर गांव मुकंदपुर के पास पूर्वी यमुना नहर पर बने 100 साल से अधिक पुराने पुल की डॉट की छत टूट कर गिर गई थी। अमर उजाला ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
खबर प्रकाशित होने के बाद लोनिवि के एसडीओ दीपांकर ने पुल का मुआयना किया था और एक टेक्नीकल टीम का गठन कर तीन दिन समय दिया गया था कि वह जांच कर बताए कि पुल की मरम्मत हो सकती है या उसका पुन: नए सिरे से निर्माण होगा। पुल पर टीम ने दोनों ओर अवरोध लगाकर दुपहिया वाहनों के अलावा अन्य सभी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगा दिया।
इस संबंध में एसडीओ दीपांकर ने बताया कि चुनाव के चलते गठित टेक्नीकल टीम अभी तक अपनी रिपोर्ट नहीं दे पाई। तीन चार दिन में रिपोर्ट मिलते ही पुल की मरम्मत या पुन: निर्माण संबंधी निर्णय ले लिया जाएगा। उधर, पुल बंद होने से ग्रामीणों और सवारी वाहनों को कई किमी का अतिरिक्त चक्कर काट कर आना जाना पड़ रहा है।