हकीकत नगर स्थित गन्ना नेत्र चिकित्सालय का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
डीएम शफकत कमाल ने बुधवार को गन्ना विभाग के नेत्र चिकित्सालय का निरीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की समस्या सुनने के साथ ही चिकित्सकों से अस्पताल में मौजूद सुविधाओं के बारे में भी जाना। अस्पताल में सुविधाओं के अभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए जरूरी सामान उपलब्ध कराने के निर्देश सीडीओ को दिए।
हकीकतनगर स्थित गन्ना विभाग का नेत्र चिकित्सालय वर्षों पुराना है, जहां किसान और उनके परिवारों के साथ ही अन्य लोग भी अपना इलाज कराते हैं। पिछले कुछ समय से अस्पताल में मरीजों को जरूरी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। इसकी शिकायत कई बार किसान नेता जिला प्रशासन से करते रहे हैं।
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए डीएम शफकत कमाल बुधवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे नेत्र चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने मौजूद चिकित्सकों से अस्पताल में मौजूद सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही मरीजों को और क्या बेहतर दिया जा सकता है। इसके लिए भी पूछा। कुछ ही देर बार मौके पर सीडीओ दीपक मीणा भी पहुंच गए।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने करीब आधा घंटा चिकित्सालय में बिताया। डीएम ने अस्पताल में सभी जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने का आश्वासन चिकित्सकों को दिया। सीडीओ को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। इस दौरान किसान चिंता चौधरी प्रीतम सिंह, भाकियू मंडल महासचिव अरुण राणा आदि मौजूद रहे।