अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। गर्मी की छुट्टी के चलते इन दिनों तमाम ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ चल रही है। आरक्षण के लिए मारामारी मची है। जून में आरक्षण टिकट के लिए मुख्य ट्रेनों में वेटिंग 70 से 200 तक पहुंच गई है। हालात ये है कि जम्मू-कटरा, मुंबई, अहमदाबाद, लखनऊ और बिहार जाने वाली ट्रेनों में 30 जून तक आरक्षित टिकट नहीं मिल रहा है। स्लीपर और थर्ड एसी कोच तक में कोई टिकट नहीं है।
गर्मी की छुट्टी चल रही है ऐसे में यदि आपको को कहीं बाहर घूमने जाना है तो पहले रेलवे के टिकट की ट्रेनों में उपलब्धता की जांच करना जरूरी है, क्योंकि आगामी 30 जून तक मुख्य ट्रेनों में स्लीपर से लेकर सभी एसी कोच में कोई टिकट नहीं है। साधारण कोच में भी यात्रियों की मारामारी मची है। यात्री खिड़की पर लटक कर और नीचे फर्श पर बैठ कर यात्रा कर रहे है। रेलवे द्वारा चार माह पहले ही टिकट आरक्षित करने की सुविधा के चलते लोगों ने पहले से ही लंबी दूरी की चलते वाली प्रमुख ट्रेनों में अपना रिजर्वेशन करा चुके है। तीस जून तक ट्रेनों में हालात ऐसे है कि तत्काल के टिकट भी उपलब्ध नहीं हो रहे है।
--------
मुख्य ट्रेनों में ये चल रही वेटिंग
रेलवे स्टेशन के आरक्षण केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार इस माह में तीस जून तक हरिद्वार से अहमदाबाद जाने वाली योगा एक्सप्रेस में स्लीपर में 200 और थर्ड एसी में 100 वेटिंग चल रही है। हरिद्वार से मुंबई जाने वाली लोकमान्य तिलक टर्मिनल में थर्ड एसी की 60 वेटिंग, बिलासपुर से अमृतसर के बीच चलने वाली छत्तीसगढ़ में 150, पुरी से हरिद्वार के बीच चलवे वाली उत्कल एक्सप्रेस में 170, श्रीगंगानगर-हरिद्वार में 116, अमृतसर से मुंबई जाने वाली गोल्डन टेंपल में 150 स्लीपर व थर्ड एसी में 55, चंडीगढ़-लखनऊ एक्सप्रेस में 110, बिहार के जयनगर जाने वाली शहीद एक्सप्रेस में कोई टिकट नहीं, जम्मू से गुवाहाटी जाने वाली लोहित एक्सप्रेस में 77, बेगमपुर एक्सप्रेस में110, शालीमार एक्सप्रेस में 115, हेमकुंड एक्सप्रेस में 76, सियालदह एक्सप्रेस में 105 वेटिंग चल रही है।
--------------
- जून में गर्मी की छुट्टी पड़ती जिस कारण इन दिनों में सभी ट्रेनों में भारी भीड़ यात्रियों की चल रही है। गंगा दशहरा और मां वैष्णोदेवी की यात्रा को भी लोग जा रहे है। ऐसे में दो दिनों से ज्यादा भीड़ है। आरक्षण जून माह में अधिकांश मुख्य ट्रेनों में फुल हो चुका है।
एके त्यागी
स्टेशन अधीक्षक
सहारनपुर।
सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में चढ़ती भीड़- फोटो : SAHARANPUR