सहारनपुर। जिला पंचायत के खनन अभिवहन शुल्क वसूली के ठेका आवंटन में हुई धांधली के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इसमें अदालत ने 2022 से अब तक आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी जताई है, जिस पर शासन ने दो माह का समय मांगा है।
विज्ञापन
रामपुर मनिहारान विधायक देवेंद्र निम ने शासन में जिला के खनन अभिवहन शुल्क वसूली के ठेका आवंटन में अनियमितताओं की शिकायत की थी। इसके बाद मंडलायुक्त की जांच में आरोप सही पाए गए। तीन लाख से अधिक की बोली लगने के बाद भी ठेका मात्र 2.05 लाख रुपये प्रतिदिन पर दे दिया गया। इसमें जिला पंचायत को लगभग दो करोड़ रुपये की राजस्व हानि हुई।
वहीं, इस नुकसान में कोई कार्रवाई नहीं होने पर देहरादून के रहने वाले आरएस नेगी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। राजस्व नुकसान का आरोप तत्कालीन अध्यक्ष, एएमए समेत कई लोगों पर है। अगली सुनवाई 22 जनवरी को होगी।