आपातकालीन सर्विसेज के स्टेट नोडल अधिकारी पहुंचे सरसावा
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर, सरसावा। आपातकालीन सर्विसेज के स्टेट नोडल अधिकारी ने राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में आपातकालीन सेवाओं का औचक निरीक्षण करते हुए चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार के दिशा निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी में पहुंचे स्टेट नोडल अधिकारी प्रोफेसर डॉ एलडी मिश्रा ने आपातकालीन चिकित्सीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुबह पहुंचे नोडल अधिकारी ने बिना किसी औपचारिकता के सर्वप्रथम मेडिकल कॉलेज में संचालित अस्पताल के आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने व्यवस्थाएं दुरुस्त पाने पर स्टाफ की सराहना की।
नोडल अधिकारी ने प्राचार्या डॉ. संगीता अनेजा को निर्देश दिए कि वे आपातकालीन शल्य चिकित्सा में बढ़ोतरी कराएं। इसके उपरांत नोडल अधिकारी ने दुर्घटना में घायल होने के उपरांत मरीज के भर्ती से लेकर इलाज तक की समयावधि को देखा।
इसके साथ ही नोडल अधिकारी डॉ एलडी मिश्रा ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, रेडियो डायग्नोसिस तथा पैथोलॉजी विभाग में भी पहुंचे तथा दवाओं की उपलब्धता तथा चिकित्सीय उपकरणों आदि का निरीक्षण किया। काफी देर तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या को निर्देशित किया कि चिकित्सीय व्यवस्था में सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार प्रयासरत रहें। व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए निजी तौर पर निरीक्षण करती रहें।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज के चिकित्सा अधीक्षक डॉ वीरेंद्र सिंह, डॉ गगन गर्ग, डॉ प्रदीप, डॉ नवाब, डॉ देवेंद्र आदि मौजूद रहे।