विकास भवन में जिला कृषि अधिकारी धीरज सिंह से वार्ता करते राष्ट्रीय लोकदल के पदाधिकारी
- जिला कृषि अधिकारी से मिला प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। अमर उजाला में सात दिसंबर को सहकारी समितियों पर उर्वरकों की किल्लत, किसान परेशान खबर छपने के बाद राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता इस मुद्दे पर बृहस्पतिवार को जिला कृषि अधिकारी धीरज कुमार सिंह से जाकर मिले।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ता सहकारी समितियाें में उर्वरकों की किल्लत के मुद्दे पर जिलाध्यक्ष राव कैसर एवं प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह के नेतृत्व में विकास भवन पहुंचे। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी से सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता पर वार्ता की। उन्होंने कहा कि जिले में सहकारी समितियों में उर्वरकों की किल्लत चल रही है। इसके चलते किसान रबी की फसलों की बुवाई के लिए परेशान है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि सहकारी समितियों पर मानक से अधिक उर्वरक भेजा जा रहा है। जिलाध्यक्ष राव कैसर ने चेतावनी दी कि यदि दो दिन में सहकारी समितियों में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता नहीं कराई गई तो जिला कृषि अधिकारी और सहायक निबंधक सहकारिता का घेराव कर कार्यालय में ही बंधक बनाया जाएगा। वार्ता में ग्राम शेखपुरा कदीम में साधन सहकारी समिति में उर्वरक की अनुपलब्धता और फंदपुरी समिति में उर्वरक की कालाबाजारी का मुद्दा भी उठा। इस दौरान प्रदेश सचिव चौधरी अय्यूब हसन, महानगर अध्यक्ष भूषण चौहान, जिला महासचिव अतुल फंदपुरी, जिला उपाध्यक्ष फरमान राव, पार्षद आसिफ अंसारी, इरशाद सलमानी, शहजाद आदि मौजूद रहे।