सहारनपुर। बसंत पंचमी से पहले दुकानदारों ने चीनी मांझे का स्टॉक जमा करना शुरू कर दिया है। कोतवाली मंडी पुलिस ने रानी बाजार चौक से छापा मारकर जिस दुकानदार को गिरफ्तार किया, उसने चीनी मांझे को उत्तराखंड के रुड़की से खरीदा था। उसके पास से 69 गिट्टी और 10 गुच्छी प्रतिबंधित मांझा बरामद हुआ है।
कोतवाली मंडी के उप निरीक्षक अवशेष भाटी बुधवार रात टीम के साथ संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग और गश्त पर थे। इसी दौरान रानी बाजार स्थित एक दुकान पर प्रतिबंधित चीनी मांझा बेचने की सूचना मिली। पुलिस ने दुकान पर बैठे युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम दीपक निवासी रानी बाजार बताया। तलाशी के दौरान दुकान के स्टूल के पास और पीछे रखे प्लास्टिक के तीन कट्टों से 69 गिट्टी और 10 गुच्छी मांझा बरामद किया।
दुकानदार ने पूछताछ में बताया कि वह यह मांझा रुड़की उत्तराखंड से खरीदकर लाता था और अपनी दुकान से बेचता था। उसके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला। पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक कांटे से मांझे का वजन कराया, जो 40.2 किलोग्राम निकला। बरामद मांझे को सील कर नमूने तैयार किए गए। पुलिस का कहना है कि प्रतिबंधित चीनी मांझा बेहद खतरनाक है। इसे बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जा रही है।