सहारनपुर में कड़ाके की ठंड के चलते स्कूल जाती छात्राएं
सहारनपुर। जिले में सर्दी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। हालात यह हैं कि बीते चार दिनों से दोपहर में हल्की धूप निकलने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है। शीतलहर के कारण सर्दी का असर दिनभर बना रहा।
बृहस्पतिवार की सुबह भी आसमान में घना कोहरा छाया रहा। तेज शीतलहर के चलते खुले में खड़ा होना तक मुश्किल हो गया। सुबह करीब 11 बजे कोहरा छंटना शुरू हुआ और दोपहर 12 बजे के बाद हल्की धूप निकली, लेकिन शीतलहर के कारण सर्दी का असर कम नहीं हुआ। सर्दी बढ़ने से लोगों की सेहत पर भी असर साफ दिखाई दे रहा है। सर्दी अधिक होने के कारण कई लोगों की आंखों की नमी कम हो रही है, जिससे जलन और सूखेपन की शिकायत बढ़ गई है। वहीं, दमा और सांस संबंधी बीमारियों से मरीजों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सरकारी और निजी अस्पतालों में एकाएक मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सक भी सर्दी के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। सर्दी के कारण सुबह और रात के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहता है। लोग बेहद जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। सुबह के समय घना कोहरा होने के चलते हाईवे और सड़कों पर वाहन रेंग रहे हैं। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान पांच और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अभी सर्दी बरकरार रहेगी।