मलकपुर चीनी मिल का क्रय केंद्र
- फोटो : amar ujala
सहारनपुर में गन्ना क्रय केंद्रों पर होने वाली घटतौली पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले में पांच टीमें गठित की गई हैं। सभी तहसीलों के एसडीएम इन टीमों का नेतृत्व करेंगे।
टीम की प्राथमिकता किसानों द्वारा आपूर्ति के लिए लाए गए गन्ने की शुद्ध और सही वजन सुनिश्चित कराने की होगी। गन्ना क्रय केंद्रों पर होने वाली घटतौली पर अंकुश लगाने के लिए गन्ना आयुक्त के निदेश पर उप जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में टीमें गठित की गई हैं।
इनमें क्षेत्र के एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी और ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक शामिल किए गए हैं। सभी टीमों के लिए एक एससीडीआई को भी रखा गया है।
जिला गन्ना अधिकारी डॉ. आरडी द्विवेदी ने बताया कि ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों में सदर तहसील में इंद्रजीत सिंह यादव, नकुड में मणिकांत कुमार, देवबंद में विनोद कुमार, रामपुर मनिहारान में केएम मणि त्रिपाठी और बेहट की टीम में सैयद मो. मुर्तजा विभागीय अधिकारी के तौर पर रहेंगे।
ये टीमें गन्ना क्रय केंद्रों पर छापेमारी कर घटतौली पर अंकुश लगाएंगी। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में गन्ना क्रय केंद्रों पर घटतौली नहीं होने दी जाएगी।