संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। चुनाव के समय लोक संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा करने सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान संगठन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया। साथ ही मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम अखिलेश सिंह को सौंपा। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दिलाई जाए।
सोमवार को डीएम को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने निराश्रित गोवंश के लिए गोशालाओं का निर्माण कराने, काली नदी, कृष्णा नदी एवं हिंडन नदी में उद्योगों के केमिकल युक्त पानी को नहीं छोड़ने और आयुष्मान योजना का लाभ सभी किसान-मजदूर परिवारों को दिलाने सहित अन्य मांग की। उन्होंने सभी स्नातक बेरोजगारों को 15 हजार रुपये मासिक बेरोजगारी भत्ता दिलाने, विद्युत निगम के अधिकारियों की गांवों में छापे की कार्रवाई बंद कराने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान होने तक किसानों से सभी प्रकार की वसूली स्थगित करने आदि की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि किसानों के नलकूपों पर मीटरों का लगाना तत्काल बंद किया जाए। प्रदेश सरकार सबको शिक्षा एवं चिकित्सा निशुल्क उपलब्ध कराए। उन्होंने ब्याज सहित बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने सहित अन्य मांग भी की। जिलाधिकारी को स्थानीय समस्याओं को लेकर भी अलग से एक ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ठाकुर अजब सिंह, ठाकुर श्यामवीर सिंह, दीपक राणा, वेदपाल सिंह, कुशल पाल सिंह अंबेहटा, तरसेम भनेड़ा, कुशलपाल फौजी, आरिफ प्रधान, लोकेंद्र, कंवर सिंह, साजिद, कर्ण सिंह, पिंकी राणा, श्यामवीर सिंह, बलराज सिंह, चंद्रवीर, नीरज सिंह आदि मौजूद रहे।