सहारनपुर। बेहट रोड स्थित देहात कोतवाली तक पहुंचने के लिए पीड़ित लोगों को कई थाना क्षेत्रों से होकर गुजरना पड़ता है। ऐसे में समय पर फरियादी नहीं पहुंच पाते हैं और पुलिस को भी दिक्कत उठानी पड़ती है। इसी को देखते हुए देहात कोतवाली के क्षेत्रों को नजदीक स्थित थानों में मिलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे जल्द शासन को भेजा जाएगा।
शहर के चारों तरफ का इलाका देहात कोतवाली क्षेत्र में आता है। वारदात होने पर देहात कोतवाली पुलिस को अपनी क्षेत्र में जाने के लिए कई थाना क्षेत्रों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। कोतवाली का क्षेत्र मल्हीपुर रोड, गांव रामनगर, चिलकाना रोड, गांव शेखपुरा तक पड़ता है, जबकि इन क्षेत्रों के नजदीक कोतवाली सदर बाजार, कोतवाली मंडी, थाना जनकपुरी, नगर कोतवाली सहित कई पुलिस चौकियां पड़ती हैं। इसी को देखते हुए गांव रामनगर को कोतवाली सदर बाजार, चिलकाना रोड कोतवाली मंडी और शेखपुरा में थाना बनाए जाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इन थानों से मिलती हैं सीमाएं
देहात कोतवाली की सीमाएं कोतवाली सदर बाजार, नगर कोतवाली, थाना जनकपुरी, थाना चिलकाना, कोतवाली बेहट, थाना फतेहपुर, थाना गागलहेड़ी, थाना नागल, कोतवाली रामपुर मनिहारान, थाना बड़गांव, थाना कुतुबशेर और कोतवाली मंडी से मिलती हैं।
प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे पूर्व भी थानों को लेकर प्रस्ताव बनाया गया था। देहात कोतवाली की सीमाएं 11 थाना क्षेत्रों से मिलती है, जो इलाके देहात कोतवाली से दूर पड़ते हैं, उनको पास स्थित थाने में मिलाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसको शासन को भेजा जाएगा।----डॉ. एस चनप्पा, एसएसपी