सहारनपुर। शहर के बाद गंगोह में कोरोना के सबसे अधिक मरीज सामने आ रहे हैं। बाकी सभी ब्लॉक संक्रमण के मामले में गंगोह से पीछे हैं। बीते सात दिन में अकेले गंगोह में 509 कोरोना संक्रमित सामने आए।
बीमारियों के मामले में गंगोह जिले का सबसे संवेदनशील ब्लॉक है। यहां बीमारियां फैलने की सबसे बड़ी वजह अनेक गांवों का खादर क्षेत्र में बसा होना है। करीब 25 गांवों को विभाग द्वारा कई वर्ष पहले संवेदनशील घोषित किया गया था। माना जाता है कि जनपद में जो भी बीमारी आती है, वह सबसे पहले गंगोह पर हमला करती है। टीबी के मरीज भी गंगोह क्षेत्र में ही सबसे अधिक हैं। अब कोरोना भी गंगोह में तेजी से फैल रहा है। हालांकि कोरोना देहात क्षेत्र में सब जगह पैर पसार चुका है, मगर आंकड़े बताते हैं कि गंगोह में सबसे अधिक मरीज निकल रहे हैं। इसकी वजह जागरूकता की कमी और लोगों का कोरोना से बचाव की शर्तों का पालन नहीं करना है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि खादर क्षेत्र के लगभग हर घर में बुखार के मरीज हैं। ऐसे में अधिक संख्या में लोग कोरोना जांच करा रहे हैं। जिसकी वजह से संक्रमण अधिक सामने आ रहा है।
बीते सात दिन के आंकड़े
तिथि कुल संक्रमित गंगोह में मिले संक्रमित
आठ मइ 1207 95
सात मई 1171 121
छह मई 880 48
पांच मई 963 113
चार मई 499 13
तीन मई 549 09
दो मई 937 72
एक मई 398 38
बीते कुछ दिन से गंगोह में बड़ी संख्या में संक्रमित मिल रहे हैं। ऐसे में लोगों केे और सजग हो जाने की जरूरत है। विभाग लगातार लोगों को जागरूक कर रहा है। सरकार के माध्यम से भी लोगों को सचेत किया जा रहा है। यदि महामारी से बचना है तो बचाव के नियमों का पालन करना ही होगा।
डॉ. बीएस सोढी, सीएमओ।