नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस के चेयर कार कोच में नाश्ते में यात्रियों को खराब ब्रेड देने पर यात्री भड़क गए। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकने पर यात्रियों ने प्लेटफार्म नंबर छह पर जमकर हंगामा किया।
कैटरिंग मैनेजर का घेराव कर खानपान की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। रेलवे अफसरों और आरपीएफ के जवानों ने हस्तक्षेप कर यात्रियों को शांत किया। हंगामेे की वजह से शताब्दी अपने निर्धारित समय से करीब दस मिनट की देरी से स्टेशन से रवाना की जा सकी।
शनिवार सुबह 9.40 बजे 12017 नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर छह पर पहुंची। शताब्दी रुकने के कुछ देर बाद ही चेयरकार कोच के कुछ यात्री प्लेटफार्म पर उतरकर हंगामा करने लगे।
नई दिल्ली से आ रहे यात्री राजीव मल्होत्रा, देहरादून के नीरज शर्मा, सुरेंद्र कुमार सहित अन्य मुसाफिरों ने आरोप लगाया कि कोच में यात्रियों को दिए गए ब्रेड बासी और फंगस वाले हैं।
हंगामे की सूचना मिलने पर रेलवे अफसर और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। यात्रियों ने रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार, आरपीएफ थाना प्रभारी संजीव शर्मा सहित अन्य रेलवे अफसर जब यात्रियों की समस्याएं सुन रहे थे, तो इसी दौरान कैटरिंग मैनेजर मनोज पांडेय ने अपनी सफाई देने की कोशिश की। यात्रियों ने इसे अपनी समस्या की अनदेखी बताते हुए उनका घेराव किया।
यात्रियों ने रेलवे अफसरों से कहा कि पहले उनकी शिकायत सुनें, उसके बाद ही ट्रेन को आगे चलने दिया जाएगा। यात्रियों ने बाद में रेलवे की शिकायत पुस्तिका में अपनी शिकायत दर्ज कराई। यात्रियों ने कहा कि इससे पहले भी ऐसे हालात सामने आ चुके हैं। इसके बावजूद यात्रियों की सेहत और जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है।
अधिकारियों ने यात्रियों को समझाबुझाकर उनके गुस्से को शांत किया। इसके बाद करीब दस मिनट बाद शताब्दी को गंतव्य स्थान के लिए रवाना किया जा सका।