सहारनपुर। गंगोह रोड पर श्री गुरु गोरखनाथ व श्री जाहरवीर गोगा म्हाड़ी स्थित फन प्वाइंट को लेकर विवाद चला आ रहा है। इसी कड़ी में रविवार को फन प्वाइंट पर ताला लगा दिया है। इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं रहीं।
श्री गोगा म्हाड़ी सुधार सभा के पदाधिकारियों ने पुलिस-प्रशासन से शिकायत की थी कि सरोवर का नाम बदलकर फन प्वाइंट कर दिया है, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। समिति प्रधान अनिल प्रताप सैनी का कहना है कि गोगा म्हाड़ी हिंदू समाज की आस्था का केंद्र है। परिसर स्थित श्री गोरख गंगा सरोवर की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान बनी रहनी चाहिए। बताया जा रहा है कि रविवार को फन प्वाइंट पर ताला लगा दिया है। उधर, संचालक मनोज कपिल का कहना है कि तालाब में पानी भर गया था। पार्किंग को ठीक किया जा रहा है। इसलिए तीन दिन के लिए बंद किया गया है।