- भूसे का कटा था बिल, 16 टायरा ट्रक में मिली 1100 से अधिक शराब की पेटियां
- 80 लाख बताई गई कीमत, आबकारी विभाग व पुलिस टीम ने की संयुक्त कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सरसावा। चंडीगढ़ से चली शराब तस्करी की खेप आबकारी विभाग व पुलिस ने हाईवे पर टोल के पास से पकड़ी है। भूसे के पीछे शराब को छिपाया गया था। बिल भी भूसे का कटा था। 16 टायरा ट्रक में 1100 से अधिक शराब की पेटियां बरामद हुईं, जिसकी कीमत करीब 80 लाख से ज्यादा आंकी गई।
जिला आबकारी अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि हरियाणा-यूपी बॉर्डर पर नियमित चेकिंग होती है। रविवार को आबकारी विभाग और पुलिस ने संयुक्त चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक मोहन निवासी बाड़मेर राजस्थान ने बताया कि ट्रक में मक्के का भूसा है। बिल भी भूसे का ही कटा मिला। चालक की बातों पर टीम को शक हुआ। इसके बाद टीम ने ट्रक की तलाशी ली तो हैरान रह गई। इस दौरान ट्रक में पांच-छह मक्के के भूसे की बोरियों के साथ शराब की खेप मिली। जांच में 1100 से अधिक शराब की पेटियां बरामद हुई, जो चंडीगढ़ मार्का की थीं।
ट्रक चालक ने पूछताछ के दौरान अधिकारियों को बताया कि यमुनानगर के पास से उसे ट्रक सामान डिलीवरी करने के लिए दिया गया था। बताया कि सामान कहां पहुंचना है, इसकी लाइव लोकेशन बाद में मोबाइल पर बताई जाएगी। इस दौरान आबकारी निरीक्षक शिखर श्रीवास्तव, अरुण कुमार, थाना प्रभारी प्रवेश शर्मा, शाहजहांपुर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह आदि रहे।