सहारनपुर। देहात कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने खुद को बिल्डर बताने वाले व्यक्ति और उसके परिवार पर 5.86 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपियों ने फर्जी आदेश और दस्तावेज तैयार कर पीड़ितों के आधार कार्ड और फोटो ली। इस मामले में डीआईजी के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
गांव सूमली निवासी सोबी ने तहरीर देकर बताया कि कोतवाली मंडी में मोहल्ला अहमद नगर निवासी इमरान अहमद लोगों को सरकारी योजनाओं और निवेश के नाम पर झांसे में लेता था।
वह खुद को बड़ा बिल्डर बताकर कहता था कि उसके रुपये एसआईपी और म्यूचुअल फंड में लगा है। एक वर्ष में रकम दोगुनी हो जाती है। इमरान अहमद ने गांव और आसपास के लोगों को फंसाकर निवेश कराया। इसी दौरान पीड़िता भी उसके झांसे में आ गई।
आरोप है कि इमरान ने पीड़िता के आईसीआईसीआई बैंक खाते से अलग-अलग खातों में लाखों रुपये ट्रांसफर कराए। इसमें आयशा सिद्दीकी के आईडीएफसी प्रथम बैंक खाते में 6.75 लाख रुपये, अब्दुल खालिद के खाते में 96 हजार रुपये, अपने बंधन बैंक खाते में 90 हजार रुपये और मोहम्मद इमरान के खाते में 1.75 लाख रुपये जमा कराए गए। इसके अलावा एक लाख रुपये और दो जुलाई 2024 को तीन लाख रुपये नकद भी लिए गए।