सहारनपुर। जनपद में बीते छह दिन से कोई कोरोना संक्रमित नहीं मिला है। अगस्त माह की बात करें तो 22 दिन में मात्र चार लोग संक्रमित मिले हैं। उधर, चिकित्सा विभाग का कहना है कि लोग अभी लापरवाही ना करें, क्योंकि खतरा अभी बना हुआ है।
अगस्त माह में दो अगस्त को एक संक्रमित मिला था। इसके बाद 11 दिन तक एक भी व्यक्ति संक्रमित नहीं मिलने की वजह से 13 अगस्त तक जनपद सक्रिय मरीजों से मुक्त हो गया था, मगर उसके बाद 14, 15 और 16 अगस्त में एक-एक व्यक्ति संक्रमित मिला। मगर बीच में अब बीते छह दिन से एक भी संक्रमित नहीं मिला है। वर्तमान में जनपद में कोरोना के दो सक्रिय मरीज हैं। उधर, सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक का कहना है कि यह अच्छी बात है कि संक्रमण लगातार कम हो रहा है, मगर अभी खतरा गया नहीं है। उन्होंने लोगों से भीड़ वाले स्थानों जैसे मॉल, बस और रेलवे स्टेशन, अस्पताल, बाजारों में बेवजह जाने से परहेज करने, मास्क का उपयोग करने तथा सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखने की अपील की है।