गांव मंडोरा में जांच करती फॉरेंसिक टीम। संवाद
- फोटो : परिजन
चिलकाना। थाना क्षेत्र के गांव मंडोरा में दिनदहाड़े पूर्व प्रधान की पुत्रवधु को बंधक बनाकर दो बदमाशों ने दस लाख रुपये कीमत के सोने चांदी के जेवर और 70 हजार रुपये की नकदी लूट ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
गांव मंडोरा में पूर्व प्रधान चंद्रभान की पुत्रवधु मोहिनी सोमवार को घर पर अकेली थी। परिवार के सभी सदस्य खेतों में काम करने के लिए गए थे। सुबह 10 बजे दो बदमाश छत के रास्ते आंगन में आ गए। एक ने घर में मौजूद मोहिनी के मुंह को कपड़े से दबाते हुए उससे अलमारी की चाबी ले ली। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ भी पिलाया गया था। इसके बाद दोनों बदमाशों ने घर में रखी अलमारी से सोने-चांदी के जेवर और 70 हजार रुपये की नकदी निकाली और वहां से भाग गए। मोहिनी ने घर में हुई लूट की सूचना खेत में परिजनों को दी। पूर्व प्रधान चंद्रभान ने बताया कि बदमाश करीब दस तोले के जेवर और नकदी लूटकर ले गए हैं। जेवरात की कीमत करीब दस लाख रुपये हैं।
सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल की। पुलिस ने बताया कि महिला को नशीला पदार्थ पिलाकर घर में वारदात की गई है। महिला की मेडिकल जांच कराई जा रही है, जिससे पता चल सके कि उसे कौन सा नशीला पदार्थ दिया गया था। अभी तक तहरीर नहीं आई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।