सहारनपुर। रंगों के त्योहार होली पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट रहेगा। इसे लेकर जिला अस्पताल की इमरजेंसी में विशेषज्ञ चिकित्सक 24 घंटे तैनात रहेंगे। स्किन, सर्जन और नेत्र रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगा दी है। वहीं, आकस्मिक सेवाओं के लिए अस्पताल में एक वार्ड आरक्षित किया है।
होली पर जमकर मस्ती के साथ हुड़दंग भी खूब होता है। गांव और शहर के मोहल्ले मस्ती से सराबोर होते हैं। हुड़दंग के दौरान लोग घायल भी होते हैं। वहीं, मिलावटी रंगों से लोग बीमार भी पड़ जाते हैं।
ऐसे घायलों और मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग अलग से प्लान किया है। एसबीडी जिला अस्पताल की इमरजेंसी में 13 मार्च से विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात रहेंगे। यह चिकित्सक होली के दिन 24 घंटे इमरजेंसी में मौजूद रहेंगे। अस्पताल की कार्यवाहक प्रमुख अधीक्षक डॉ. सुधा ने बताया कि होली पर चिकित्सक ऑनकॉल पर भी रहेंगे। इसके अलावा ट्रामा सेंटर में छह बेड का एक वार्ड आरक्षित किया है। एक टीम को बैकअप के लिए रखा गया है।