रामपुर मनिहारान में मिठाई की दुकान पर जांच करती टीम
- फोटो : SAHARANPUR
रामपुर मनिहारान/अंबेहटा (सहारनपुर)। खाद्य पदार्थों में मिलावट की जांच के लिए तहसील प्रशासन व खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को कस्बे के बाजार में अभियान चलाकर मिठाई की दुकानों से नमूने लिए। उधर] अंबेहटा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घर घर जाकर लोगों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता के प्रति जागरूक किया।
रामपुर मनिहारान कसबे में एसडीएम प्रणता ऐश्वर्या के निर्देश पर नायब तहसीलदार राहुल सिंह के साथ खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मेन बाजार चौक, इस्लाम नगर रोड पर मिठाइयों की दुकान पर जाकर लड्डू, रसगुल्ले व अन्य मिठाइयों के नमूने लिए। इस दौरान कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद कर भाग खड़े हुए।
अंबेहटा में खाद्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टीम ने मोबाइल वेन लैब के जरिए कस्बे में डोर टू डोर संपर्क कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच कर लोगों को इसके प्रति जागरूक किया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महावीर सिंह प्रेमी के नेतृत्व में टीम ने तेल, घेवर, दाल, दूध आदि के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता परखी। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महावीर सिंह प्रेमी ने बताया कि करीब 50 सैंपल चेक कर लोगों को जागरूक किया गया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि एक्सपायरी डेट देख कर ही सामान खरीदें। टीम में मेरठ के लैब टेक्नीशियन आनंद श्रीवास्तव, वरुण कुमार, राहुल शुक्ला, गौरव कुमार शामिल रहे।
अंबेहटा में जागरुक करती खाद्य विभाग की टीम- फोटो : SAHARANPUR