सहारनपुर। कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार धीमी कर दी है। बुधवार को छह ट्रेनें देरी से पहुंचीं। इन ट्रेनों ने रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को इंतजार कराया, जबकि तीन ट्रेनें निरस्त रही। विभिन्न रूटों पर ट्रेनों के संचालन में लगातार हो रही देरी से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को रेलवे स्टेशन पर कई महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से घंटों विलंब से पहुंचीं। ट्रेन नंबर 12231 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस करीब तीन घंटे की देरी से स्टेशन पर आई। वहीं 14241 प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस लगभग एक घंटे विलंब से पहुंची। 14649 जयनगर-अमृतसर सरयू यमुना एक्सप्रेस को 2:51 घंटे, जबकि 12357 कोलकाता-अमृतसर दुर्गियाना एक्सप्रेस को 2:40 घंटे की देरी से चलाया गया। इसके अलावा 15011 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस और 14521 दिल्ली-अंबाला कैंट सुपरफास्ट एक्सप्रेस भी करीब एक-एक घंटे लेट रहीं।
ट्रेनों के लेट होने से प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ लगी रही। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ीं। उधर, पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस अप-डाउन और अमृतसर-टाटानगर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया गया। कई यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि कोहरे और ब्लॉक के चलते ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।