सहारनपुर। दिल्ली रोड पर हसनपुर चुंगी से चुन्हेटी रेलवे क्रासिंग तक फ्लाईओवर बनाने की तैयारी है। इसका प्रस्ताव मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में रखा गया है, जिस पर लोक निर्माण विभाग प्रस्ताव तैयार करेगा। जल्द ही यह प्रस्ताव शासन को भेजा जा सकता है।
दरअसल, दिल्ली रोड पर फ्लाईओवर बनाए जाने के कई प्रमुख कारण सामने आ रहे हैं। एक तो इस मार्ग पर वाहनों की अधिकता है। क्योंकि रामपुर मनिहारान, नानौता, शामली, बागपत, लोनी और दिल्ली की तरफ से सहारनपुर आने वालों के लिए यह प्रमुख मार्ग है। इस कारण इस मार्ग पर वाहनों के आवागमन की अधिकता है। इसके अलावा इस मार्ग पर मंडलायुक्त कार्यालय, विकास भवन, उद्योग विभाग के उपायुक्त कार्यालय, एलआईसी का मुख्य कार्यालय भी है तो कई अस्पताल और नामी प्राइवेट स्कूल भी हैं। इतना ही नहीं, हसनपुर चुंगी से लेकर चुन्हेटी फाटक तक अनेक आवासीय कालोनी भी हैं, जिनके रास्ते इसी मुख्य मार्ग पर खुलते हैं। वाहनों की अधिकता के कारण हादसों का खतरा रहता है।
वहीं, दो दिन पहले ही मंडलायुक्त लोकेश एम की अध्यक्षता में मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। उसमें हादसों की रोकथाम को लेकर मंथन हुआ, जिसमें यह भी प्रस्ताव रखा गया कि दिल्ली रोड पर हसनपुर चुंगी से चुन्हेटी फाटक तक फ्लाईओवर बन जाए तो हादसों का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है। मंडलायुक्त लोकेश एम ने इसके लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया है।
मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दिल्ली रोड पर फ्लाईओवर बनाए जाने का प्रस्ताव आया है। इसको लेकर जल्दी ही प्रस्ताव तैयार किया जाएगा, जिसे शासन को भेजा जाएगा। शासन से स्वीकृति मिलने पर इस पर कार्य होगा। -- सनत गुप्त ऋषि, अधिशासी अभियंता, लोनिवि