कोर्ट रोड़ पुल पर काम करते कर्मी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। कोर्ट रोड पुल पर पहले दीवार काटी जाएगी, उसके बाद पुल की कटिंग शुरू होगी। इससे पहले पुल के उस हिस्से से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने की अनुमति ली गई है। अब यहां पर अंडरग्राउंड विद्युत लाइन डाली जाएगी।
दरअसल, कोर्ट रोड पुल पर करीब नौ मीटर चौड़ाई में कटिंग होनी है। जहां पर कटिंग की जानी हैं वहां विद्युत लाइन गुजर रही है और दोनों छोर पर दो-दो खंभे लगे हुए हैं। यह विद्युत लाइन ब्रजेशनगर की तरफ से आ रही है और खलासी लाइन की तरफ जाती है। इसके अलावा एक विद्युत लाइन पुल के नीचे भी है। पुल के नीचे वाली लाइन को शिफ्ट करने की अनुमति पूर्व में हो चुकी है, जबकि पुल के ऊपर वाली लाइन को हटाने की अनुमति एक दिन पहले ही हुई है। विद्युत निगम की टीम ने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का निर्माण करा रही कंपनी की टीम के साथ मौके पर निरीक्षण भी किया। इसके बाद पुल के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को हटाने पर सहमति बन गई। अधिशासी अभियंता एके वर्मा ने बताया कि पुल के ऊपर से जा रही विद्युत लाइन को हटाकर अंडरग्राउंड लाइन डाली जाएगी। यह कार्य निर्माण एजेंसी ही करेगी।
उधर, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का निर्माण कर रही एल एंड टी कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर चंद्रमौलि ने बताया कि पुल की कटिंग के लिए मशीन मंगा ली गई है। फिलहाल पुल पर सड़क की तुड़ाई का कार्य चल रहा है। इसके बाद दीवार की कटिंग होगी। जल्दी ही विद्युत लाइन हटने पर पुल पर कटिंग का कार्य कराया जाएगा।