देवबंद। बुर्कानशीं युवतियों के साथ मारपीट करने और नकाब हटाने के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में एक गिरफ्तारी भी की गई है, जबकि अन्य आरोपियों की पहचान कराई जा रही है।
बता दें, कि बृहस्पतिवार को दारुल उलूम वक्फ क्षेत्र में बाइक सवार को रास्ता बता रही दो युवतियों को कुछ लोगों ने पकड़ लिया था। उन पर हिंदू युवक से मिलने का आरोप लगाते हुए गाली गलौज और मारपीट की गई। इतना ही नहीं एक युवती का नकाब हटाकर उसकी वीडियो भी बनाई गई थी, जिसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया था। मामले में पीड़ित युवती ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई थी।
रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच में जुटी पुलिस ने शनिवार को मोहम्मद महताब पुत्र यामीन को गिरफ्तार किया है। उधर, एसपी देहात सागर जैन का कहना है कि वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है। जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।