लोहानी सराय में कपडे के गोदाम में लगी आग जमा भीड़
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। महानगर के घनी आबादी वाले इलाके लोहानी सराय में कपड़े और प्लास्टिक के सामान की दुकान में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आधे घंटे में आग पर काबू पाया। आग में लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पानी की मोटर में शार्ट सर्किट होने की वजह से आग लगी है।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र के लोहानी सराय में अरशद मक्की की रेडीमेड कपड़ों और प्लास्टिक के सामान की दुकान है। दुकान के ऊपर ही अरशद मक्की और उसके भाइयों का परिवार रहता है। साप्ताहिक बंदी की वजह से मंगलवार को दुकान बंद थी। शाम पांच बजे लोगों ने दुकान से धुआं निकलता देखा। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और अरशद मक्की के परिवार के सदस्यों के सहयोग से दुकान खुलवाकर देखी तो अंदर भीषण आग लगी थी। सीएफओ तेजवीर सिंह और अग्निशमन अधिकारी द्वितीय ऋषभ पंवार ने टीम के साथ आधे घंटे में आग पर काबू पाया। तब, तक आग में लाखों रुपये का माल जलकर राख हो चुका था। सीएफओ तेजवीर सिंह ने बताया कि पानी की मोटर में शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी है।
हो सकता था बड़ा हादसा
जिस जगह पर अरशद मक्की की दुकान है, वह इलाका घनी आबादी वाला है। यहां पर कई दुकानें हैं और मकान भी है। गनीमत रही कि समय रहते फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग दुकान के ऊपर बने मकान में नहीं पहुंची और बड़ा हादसा होने से टल गया।
लोहानी सराय में कपडे के गोदाम में लगी आग से कपड़ा निकालते लोग- फोटो : SAHARANPUR