सुल्तानपुर में नगर पंचायत के डपिंग ग्राउंड में लगी आग। स्रोत ग्रामीण
चिलकाना। नगर पंचायत के एमआरएफ सेंटर के डंपिंग ग्राउंड में बृहस्पतिवार देर शाम अचानक आग लग गई। आग लगने से डंपिंग ग्राउंड में एकत्र किया गया कूड़ा जलकर राख हो गया। एक बाइक भी जल गई। आग से मशीनों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। नगर पंचायत तथा फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बृहस्पतिवार करीब साढे छह बजे डंपिंग ग्राउंड के कूड़े में अचानक आग की लपटें उठने लगी। आसपास के लोगों ने नगर पंचायत को आग लगने की सूचना दी।
आग लगने की सूचना पर नगर पंचायत के कर्मचारी, पुलिस तथा फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी मौके पर पहुंच गई।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंचने से पहले नगर पंचायत के पानी के टैंकर डंपिंग ग्राउंड में आ गए थे। नगर पंचायत के कर्मचारियों ने कूड़े में लगी आग को बुझाना शुरू कर दिया। इसके बाद फिर फायर ब्रिगेड की गाड़ी से आग पर काबू पाया गया। कूड़े में लगी आग धीरे-धीरे मशीनों तक पहुंच गई और कई मशीनें आग की चपेट में आने से जल गई। नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक अशोक कुमार ने बताया कि लगता है कि डंपिंग ग्राउंड में आग शॉर्ट सर्किट से लगी है।
आग से लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। ग्राउंड में खड़ी एक बाइक भी जल कर कबाड़ में तब्दील हो गई। उन्होंने बताया कि मशीनों की स्थिति का आंकलन शुक्रवार को दिन में किया जाएगा।