नानौता। नगर के थाना रोड स्थित गुलशन इलेक्ट्रॉनिक शॉप में रविवार रात शाॅर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। मोहल्लावासियों व दमकल विभाग की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
नगर के मोहल्ला चाहमंजिली निवासी हरीश चाब्बा व गुलशन चाब्बा की मोहल्ला सरावज्ञान स्थित थाना रोड पर गुलशन इलेक्ट्रॉनिक के नाम से बिजली के सामान की तीन मंजिला दुकान है। रात करीब 12 बजे हरीश चाब्बा को दुकान के पास रहने वाले युवक ने फोन पर उसकी दुकान में आग लगने की सूचना दी। दुकान मालिक हरीश द्वारा दुकान पर पहुंच कर शटर उठाया गया और पड़ोसियों के साथ मिलकर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन उस समय तक आग विकराल होकर दुकान की तीनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले चुकी थी।
दुकान से आग की भयंकर लपटें और धुएं का गुबार निकल रहा था। मोहल्लावासियों ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग तथा पुलिस को दी। स्थानीय लोगों तथा दमकल विभाग कर्मचारियों ने काफी मशक्कत में बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान में रखा सभी सामान जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण शाॅर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।