सहारनपुर। पुलिस चौकी सराय के पास मंगलवार शाम फर्नीचर की दुकान में आग लग गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने पहुंचकर आग पर बामुश्किल काबू पाया। आग लगने से दुकान में रखा फोल्डिंग और प्लास्टिक का सामान जलकर राख हो गया। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगी।
महानगर में मंगलवार को साप्ताहिक बंदी रहती है। आवास विकास निवासी अजय राजपाल की पुलिस चौकी सराय के पास फर्नीचर की दुकान है। मंगलवार को दुकान बंद थी। शाम करीब छह बजे दुकान से धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने दुकान मालिक को फोन कर सूचना दी। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। पता लगते ही मालिक और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। देखते-ही-देखते धुआं आग में तब्दील हो गया। कुछ ही देर में आग ने दुकान में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। अग्निशमन विभाग टीम ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। तीन गाड़ियों से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से दुकान में रखा फोल्डिंग और प्लास्टिक का सामान जल गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।