सहारनपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अन्तर्गत घण्टाघर से अम्बाला रोड का निरीक्षण करते मण्डलायुक्त ?
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत चल रहीं परियोजनाओं पर कार्यदायी संस्थाएं लगातार मनमाने तरीके से कार्य कर रही हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। महानगर में सीवर लाइन डालने का कार्य कर रही गाजियाबाद की जेएसपी प्रोजेक्ट लिमिटेड इसमें लापरवाही बरत रही है। मंगलवार को निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त और नगर विधायक को कई खामियां मिलीं। इससे नाराज मंडलायुक्त ने जेएसपी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए है।
स्मार्ट सिटी सहारनपुर के चेयरमैन/मंडलायुक्त लोकेश एम. ने मंगलवार को नगर विधायक राजीव गुंबर, स्मार्ट सिटी सहारनपुर के सीईओ/नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, नोडल अधिकारी/मुख्य अभियंता निर्माण कैलाश सिंह, अधिशासी अभियंता अमरेंद्र गौतम और जल निगम के अधिशासी अभियंता रुचिन यादव के साथ सीवरेज कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने घंटाघर से कुतुबशेर की ओर मार्ग पर कार्यदायी संस्था जेएसपी प्रोजेक्टस लिमिटेड द्वारा डाली जा रही गहरी सीवर लाइन के कार्य का निरीक्षण किया। जिसमें सुरक्षा मानकों में कमी पाई गई। जिस स्थल पर सीवर का कार्य पूर्ण हो गया उस स्थल पर मिट्टी को समतल कर चलने योग्य नहीं बनाया गया है, जिससे नागरिकों को अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। इसके अतिरिक्त उक्त मार्ग पर अतिक्रमण के कारण यातायात संचालन में असुविधा हो रही है। नगर आयुक्त को अस्थायी अतिक्रमण, ठेले एवं ढाबे आदि को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, साथ ही उक्त मार्ग पर जितनी लंबाई तक सीवर का कार्य पूर्ण हो चुका है, उतनी लंबाई पर यातायात आवागमन योग्य बनाने को कहा। थाना कुतुबशेर से रायवाला मार्केट का निरीक्षण किया। इस मार्ग पर भी सीवर लाइन के डालने का कार्य किया जा रहा है। इसकी वजह से मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद है। कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य बेहद धीमी गति से भी किया जा रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। तमाम खामियों पर मंडलायुक्त ने जेएसपी प्रोजेक्ट्स लिमिटेड के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन मार्गों पर सीवरेज निर्माण का कार्य चल रहा है वहां पर तीन शिफ्टों में दिन-रात कार्य कराते हुए कार्य को तत्परता से उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए।