एसएसपी के आदेश पर हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बेहट। गांव यूसुफखेड़ी उसंड के पास लीची के बाग में 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन से हुए हादसे में झुलसे युवक की मौत के बाद आखिरकार बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ बेहट कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। एसएसपी के आदेश पर मृतक के साले इरफान निवासी गांव मरवा की तहरीर पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
करीब एक माह पहले हुए इस हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनमें शमीम की मौत हो गई। इरफान ने तहरीर में बताया, कि उसने यूसुफखेड़ी उसंड स्थित लीची का बाग की फसल खरीदी थी। 27 जुलाई की सुबह उसने अपने बहनोई शमीम अहमद, शोएब और अरशद को फसल की देखभाल के लिए बाग में भेजा था। तीनों एक पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी ऊपर से गुजर रही 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन में विस्फोट हुआ और करंट की चपेट में आकर तीनों गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को पहले सीएचसी बेहट, फिर जिला अस्पताल सहारनपुर ले जाया गया। शमीम की हालत गंभीर होने पर उसे नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान एक जुलाई को शमीम की मौत हो गई थी। वहीं शोएब का 18 जुलाई तक देहरादून के एक अस्पताल में इलाज चला, जबकि अरशद 11 जुलाई को उपचार के बाद घर लौट आया। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक संजय कुमार ने बताया, कि उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की सत्यता परखी जा रही है।