गुरुद्वारा रोड पर लोहड़ी मनाते पंजाबी समाज के परिवार
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। महानगर में लोहड़ी पर्व पर लोगों ने एक दूसरे को बधाइयां दी। परंपरागत ढंग से पर्व धूमधाम से मनाया गया। कोरोना संक्रमण के कारण हालांकि बड़े आयोजन नहीं हुए। इस बार सांझा चूल्हा कार्यक्रम भी नहीं हुआ। पंजाबी समाज ने देर शाम को घरों के बाहर लोहड़ी जलाकर पर्व मनाया। कुछ स्थानों पर भंगड़ा भी हुआ तथा गिद्दा भी गाए गए। कुछ मोहल्लों में युवकों ने डांस भी किया। लोहड़ी जला कर मूंगफली व रेवड़ी का प्रसाद भी वितरित किया गया।
महानगर में बृहस्पतिवार को मोहल्ला हकीकतनगर, नुमाइश कैंप, शारदानगर, किशनपुरा, मिशन कंपाउंड में लोगों ने लोहड़ी का पर्व मनाया। शाम को लकड़ियों में आग जलाकर मूंगफली व रेवड़ी डाली गई। इसके साथ रेवड़ी व मूंगफली का प्रसाद के रूप में वितरित की गई। इसके अलावा लोगों ने कोरोना संक्रमण को देखते हुए सामूहिक कार्यक्रम कम आयोजित किए, लेकिन सोशल मीडिया पर एक दूसरे को पर्व की बधाइयां देने के साथ ही फोटो और वीडियो भी अपलोड किए गए। कोरोना को देखते हुए लोगों ने घरों में ही रहकर पर्व की खुशियां बांटी। इसके साथ ही कुछ जगह पर ढोल की थाप पर नृत्य भी किया गया। देर रात तक लोगों ने घरों में रहकर पर मनाया।
पंजाबी लोक गीतों की दी शानदार प्रस्तुति
सहारनपुर। मटिया महल स्थित नमो मार्केट में पंजाबी महासंगठन की ओर से लोहड़ी पर्व मनाया गया। योग चुग और मुरली खन्ना ने पंजाबी लोक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। मुकेश मचनंदा, रवि बख्शी, डॉ. केके खन्ना ने सदस्यों को फन गेम्स खिलाए। कृष्णलाल ठक्कर, राजकुमार नरुला, दर्शन लाल ठक्कर ने लोहड़ी के इतिहास और महत्ता की जानकारी दी। व्यापारी नेता दिनेश सेठी, विवेक मनोचा, राजकुमार मक्कड़, मुकेश आदि ने सभी को पर्व की बधाई दी। योगेश दुआ ने सभी का आभार जताया। मूंगफली, रेवड़ी, पॉप कार्न का प्रसाद वितरित किया गया।
मटिया महल में लोहड़ी पर्व मनाते पंजाबी महासंगठन के पदाधिकारी- फोटो : SAHARANPUR