सहारनपुर। छेड़छाड़ से पीड़ित महिला लिपिक आरोपी लिपिक पर कानूनी कार्रवाई कराने के लिए शनिवार को थाना कुतुबशेर पहुंची। उनकी शिकायत पर पुलिस ने नगर निगम पहुंचकर अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने को कहा।
नगर निगम के एक अनुभाग की विधवा लिपिक ने एक लिपिक पर छेड़छोड़ करने का आरोप लगाते हुए अधिकारी के समक्ष हंगामा किया था। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद वह रोते हुए नगर आयुक्त शिपू गिरि के पास पहुंची थी। वहां लिखित शिकायत करते हुए आरोपी पर कार्रवाई करने की मांग की थी। नगर आयुक्त ने मामले में जांच बिठाई है, जिसकी रिपोर्ट का इंतजार करने की बात पीड़िता से कही थी, साथ ही यह भी आश्वासन दिया था कि यदि आरोपी लिपिक दोषी पाया जाता है तो निश्चित रूप से कार्रवाई होगी।
आरोपी लिपिक पर कानूनी कार्रवाई कराने के लिए पीड़िता शनिवार को थाना कुतुबशेर पहुंची। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी छेड़छाड़ के एक अन्य मामले में पहले भी दोषी पाया जा चुका है। पीड़िता ने तहरीर देते हुए आरोपी पर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिसकर्मी नगर निगम पहुंचे। उन्होंने अन्य कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज देने की मांग की। उधर, थाना प्रभारी एचएन सिंह का कहना है कि मामला जानकारी में नहीं है। यदि थाने में तहरीर दी गई है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।