सहारनपुर। रामपुर मनिहारान तहसील के लिए भवन का निर्माण जल्द ही शुरू होगा। जो जमीन तहसील भवन बनाने के लिए ली गई है, उसमें खड़े पेड़ों की कटाई शुरू हो गई है। पेड़ों की कटाई वन विभाग के उच्चाधिकारी से अनुमति लेने के उपरांत शुरू हो पाई है।
दरअसल, अभी तक रामपुर मनिहारान तहसील कार्यालय मंडी परिसर में संचालित हो रहा है। तहसील कार्यालय के अपने भवन का निर्माण कराने के लिए प्रशासन की तरफ से जमीन की तलाश की गई थी। उसके लिए करीब 30 बीघा जमीन की आवश्यकता थी। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने स्थानीय लोगों से वार्ता करने के बाद तहसील भवन के लिए भूमि चिह्नित कराई। दिल्ली रोड पर प्रशासन के पास करीब 13 बीघा को चिह्नित करने के अलावा भाजपा नेता मनोज चौधरी की उसके पास ही स्थित करीब 17 बीघा भूमि भी बीते माह खरीदी गई। लेकिन इनकी जमीन पर 60 पेड़ खड़े थे, जिनको कटवाए जाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों से अनुमति लेने की प्रक्रिया की गई। करीब 10 दिन इस प्रक्रिया में बीत गए। अब दो दिन पहले ही पेड़ों की कटाई के लिए अनुमति मिल गई, जिसके चलते पेड़ों की कटाई का कार्य शुरू करा दिया गया है। भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने बताया कि पेड़ों की कटाई का कार्य शुुरू करा दिया गया है। सभी 60 पेड़ कटने पर प्रशासन को सूचना दे दी जाएगी।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह का कहना है कि जल्द ही तहसील भवन का निर्माण कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कराया जाएगा और शासन को भेजा जाएगा। तहसील भवन का नक्शा आदि तैयार होने पर जल्द ही निर्माण शुरू कराया जाएगा।