सहारनपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना तथा मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत पात्रों के गोल्डन कार्ड बनाने के लिए जनपद में आज से अभियान शुरू हो रहा है। इसके तहत कुल 165 गांवों में चार मार्च तक एक-एक शिविर लगाया जाएगा। जिलाधिकारी ने इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की है।
योजनाओं के तहत जिले में कुल पात्र व्यक्तियों की संख्या 685550 है। आयुष्मान भारत योजना मार्च 2019 से संचालित है, मगर जनपद में अभी तक मात्र 22 फीसदी पात्रों के ही गोल्डन कार्ड बन सके हैं। यानी करीब 5.48 लाख लोगों के गोल्डन कार्ड अभी तक नहीं बने हैं। ऐसे में जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने गोल्डन कार्ड बनने से रह गए करीब 5.48 लाख लोगों के कार्ड बनाने के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया है। इसके तहत विकास खंडवार अभियान चलाकर गोल्डन कार्ड बनाए जाएंगे। सभी 11 ब्लॉकों में शिविर 15 फरवरी से शुरू हो रहे हैं, जो चार मार्च तक अलग-अलग गांव में लगेंगे। प्रत्येक ब्लॉक के 15-15 गांव में एक-एक शिविर लगाया जाएगा। इस प्रकार 11 ब्लॉकों में कुल 165 गांवों में 165 ही शिविर लगाए जाएंगे।
अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
शिविरों में गोल्डन कार्ड बनाने में आशा, एएनएम, संगिनी, आंगनबाड़ी, हेल्थ सुपरवाइजर, ग्राम पंचायत अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और राशन डीलर सहयोग करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी की शत प्रतिशत उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। इनके अलावा पर्यवेक्षीय अधिकारी एवं नोडल अधिकारी भी तैनात किए गए हैं, जो अपने से संबंधित आवंटित ग्राम पंचायत में गोल्डन कार्ड बनाने के लिए पूर्णत: उत्तरदायी होंगे। खास यह है कि सभी नोडल अधिकारी, सुपरवाइजर, पर्यवेक्षीय अधिकारियों द्वारा निर्धारित तिथियों में शिविर की समाप्ति के बाद दैनिक प्रगति रिपोर्ट जिला विकास अधिकारी के व्हाट्सएप नंबर 9454465213 पर प्रेषित करेंगे। इसकी संकलित सूचना मुख्य विकास अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजी जाएगी।
जिले में योजना की स्थिति
कुल लाभार्थी परिवार - 137110
कुल लाभार्थी व्यक्ति - 685550
बने गोल्डन कार्ड - करीब 137000
गोल्डन कार्ड नहीं बनवाने वाले लोग- करीब 5.48 लाख
ऐसे भी बनवा सकते हैं गोल्डन कार्ड
गोल्डन कार्ड जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, राजकीय मेडिकल कॉलेज, सभी सीएचसी और योजना से जुड़े निजी अस्पतालों में बनाए जा रहे हैं। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के पत्र के साथ संबंधित किसी भी अस्पताल जाकर गोल्डन कार्ड बनवा सकता है। इसके अलावा सभी जन सेवा केंद्रों पर भी गोल्डन कार्ड बनाए जा रहे हैं, जहां कार्ड बनवाने के लिए 30 रुपये शुल्क निर्धारित है।
जिलाधिकारी ने गोल्डन कार्ड बनाने के लिए विकास खंडवार शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पूरी कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। शिविर आज से शुरू हो रहे हैं। जिले भर में कुल 165 शिविर लगाए जाएंगे। कोशिश यही है कि शत प्रतिशत पात्रों के गोल्डन कार्ड बन जाएं।
- डॉ. सुशील गुप्ता, जिला कार्यक्रम समन्वयक।