बेहट। बेटी को ससुराल भेजने की एवज ससुर ने दामाद से 50 हजार रुपये की मांग कर दी। पीड़ित का आरोप है कि पहले भी ससुर उससे कई बार इसी तरह मांग पूरी करा चुका है।
कोतवाली में लतीफपुर भूड़ निवासी फुरकान पुत्र निन्ना ने बताया कि उसका विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक योजना के तहत वर्ष 2020 में हुआ था। उसकी पत्नी का मायका मिर्जापुर में है। आरोप है, कि जब भी उसकी पत्नी मायके जाती है तो ससुर उसकी पत्नी को बिना रुपये लिए नहीं भेजता है। पीड़ित ने बताया कि उसकी पत्नी करीब चार माह पूर्व मायके गई थी। उसका ससुर उसकी पत्नी को भेजने के नाम पर 50 हजार रुपये मांग रहा है। आरोप है कि उसके ससुर ने अपनी दूसरी लड़की की शादी गांव सलेमपुर गदा में की थी। उसके साथ भी यही सब करके उसका तलाक करा दिया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दे रही है।