नागल (सहारनपुर)। गांव लखनौर में टपरी नागल मार्ग को एनएच 344 से जोड़ने की मांग को भारतीय किसान यूनियन का चल रहा धरना 14 वें दिन भी जारी रहा। इस दौरान निर्माण कंपनी ने कार्य शुरू करने का प्रयास किया तो किसानों ने मजदूरों को पकड़ते हुए सामान जब्त किया। बाद में सीओ ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंच मजदूरों को छुड़वाते हुए सामान वापस कराया। तय हुआ कि जब तक कोई निर्णय नहीं होता है तब तक निर्माण नहीं किया जाएगा।
विगत 14 दिन से लाखनौर में भाकियू के बैनर तले क्षेत्रीय ग्रामीण और किसान सर्विस रोड की मांग को धरना दे रहे हैं। बृहस्पतिवार को निर्माण कंपनी ने धरना स्थल से कुछ दूरी पर निर्माण कार्य शुरू किया। इस पर किसान भड़क गए और काम कर रहे मजदूरों को पकड़ते हुए सामान अपने कब्जे में ले लिया। सूचना पर सीओ देवबंद चोब सिंह व थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और धरना दे रहे ग्रामीणों को समझाते हुए मजदूरों को उनसे छुड़ाया। अफसरों ने कंपनी के ठेकेदार से कहा कि जब तक कोई निर्णय नहीं होता है, तब तक वे साइट पर काम न करें। उन्होंने धरना दे रहे किसानों को भी कहा कि शांतिपूर्वक धरना चलाएं। किसी भी दशा में कानून अपने हाथ में न लें। इस मौके पर जिलाध्यक्ष चरण सिंह, मुकेश तोमर, सुरेश प्रधान, अरुण राणा, कान सिंह राणा, कृष्ण कुमार, धर्मवीर प्रधान, कपिल मुखिया, पोटन चौधरी, गौरव, सोनी प्रधान, विकास, संजय, सुनील, अजय, विनेश, संकित, छोटा आदि रहे।