संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। उप गन्ना आयुक्त ओपी सिंह ने बताया कि मंडल के किसान गन्ना बुवाई के लिए नई विधियां अपना रहे हैं। किसान मानसून बुवाई की ओर बढ़ रहे हैं। इसमें खास बात यह है कि यह बुवाई सीधे गन्ने से टुकड़ों से न करके, पौध तैयार कर खेत में होती है।
ग्राम बड़कली के किसान ओम कुमार त्यागी के खेत में उप गन्ना आयुक्त ने मानसून गन्ने की बुवाई की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इसमें गन्ने के पौधे से पौधे के बीच में 18 इंच की दूरी और लाइन से लाइन के बीच 56 इंच की दूरी किसान ने रखी है। पौध के लिए तीन अगस्त को गन्ने के एक आंख के टुकड़ों को पौध तैयार करने के लिए उपचारित किया गया था। इसके बाद इन्हें खेत में लगाया गया। उप गन्ना आयुक्त ने बताया कि गन्ने की पौध से गई बुवाई से जमाव प्रतिशत में कमी का खतरा बहुत कम होता है, साथ ही बीमारी आने का खतरा भी कम रहता है।