सहारनपुर। थाना कुतुबशेर क्षेत्र में अंबाला रोड पर फेमस अस्पताल ने लाइसेंस को सरेंडर कर दिया है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी कार्रवाई करते हुए लाइसेंस को निरस्त कर दिया है। चार महीने पहले इस अस्पताल में कार कर चुका संदिग्ध आतंकी डॉ. आदिल अहमद को गिरफ्तार किया गया था।
छह नवंबर 2025 को यूपी एटीएस की मदद से जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अंबाला रोड पर फेमस अस्पताल से गिरफ्तार किया था, जो मानकमऊ में किराए के मकान में रह रहा था। संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद भी अस्पताल में जांच चलती रही। मरीजों की संख्या में भारी गिरावट आई। इससे अस्पताल संचालन पर असर पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, फेमस अस्पताल प्रबंधन ने स्वयं आवेदन देकर अपना लाइसेंस सरेंडर करने का अनुरोध किया था। विभाग ने दस्तावेजों की जांच के बाद लाइसेंस को निरस्त कर दिया है। वहीं, जिस दूसरे अस्पताल में डॉ. आदिल अहमद पहले काम कर चुका है, उसके लाइसेंस का समय पूरा हो गया है। नवीनीकरण के लिए भी कोई आवेदन नहीं आया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन के अनुरोध पर फेमस अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया गया है।