ट्रेन से युवक के गिरने पर मौके पर पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर के देवबंद में मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बीटेक के छात्र की पैसेंजर ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। उसका शव रणखंडी रेलवे फाटक के समीप पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नकुड़ के मोहल्ला बंजारान निवासी सुरेंद्र कुमार का बेटा आदित्य मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में बीटेक कर रहा था। रोज की तरह वह बृहस्पतिवार को पैसेंजर ट्रेन से कॉलेज जा रहा था।
सुबह करीब 8. 30 बजे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि ट्रैक पर किसी का शव पड़ा हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों से उसकी शिनाख्त के प्रयास कराए, लेकिन उसकी पहचान नहीं हुई।
जिसके बाद पुलिस को तलाशी दौरान उसकी जेब से कालेज का आईडी कार्ड मिला। जिसकी उसकी पहचान आदित्य के रुप में हुई। जेब से मिले मोबाइल में एक नंबर पर फोन कर पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी।
पुलिस आशंका जता रही है कि आदित्य की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई है। लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजन भी देवबंद पहुंच गए थे।