सहारनपुर। पशुपालन विभाग द्वारा लगाए जाने वाले पशु आरोग्य मेले में फर्जीवाड़ा करने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि विभाग में तैनात डॉक्टर ने बिना दवाई दिए ही फर्जी बिल बनाकर विभाग में जमा कर दिए। मामला जानकारी में आने पर एडीएम प्रशासन ने सीडीओ को जांच के आदेश दिए हैं।
शिकायतकर्ता अरुण कुमार के मुताबिक वर्ष 2023 में नानौता क्षेत्र के कुआंखेड़ा, काशीपुर और टिकरौल आदि गांवों में पशु आरोग्य मेले लगाए थे। कुआंखेड़ी के ग्रामीणों ने उस समय एसडीएम रामपुर मनिहारान को शिकायती पत्र भी दिया था। इसमें उन्होंने बताया कि गांव में लगे पशु आरोग्य मेले में मात्र सात पशुओं की जांच कर दवाई वितरित की गई, जबकि तैनात पशु चिकित्सक ने 378 पशुओं की चिकित्सा का उल्लेख किया। इसी तरह अन्य गांव काशीपुर, खुड़ाना, टिकरौल में भी आरोग्य शिविर का आयोजन हुआ। इसमें भी अनियमितताएं देखने को मिलीं।