मंडी समिति का निरीक्षण करती एडीएमई अर्चना द्विवेदी।
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी ने बुधवार को मंडी समिति का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी परिसर में फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
बुधवार सुबह अपर जिलाधिकारी प्रशासन द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में मंडी समिति परिसर में व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने मंडी परिसर में लगे पांच सीसीटीवी को देखा। उन्होंने कहा कि मंडी परिसर का क्षेत्रफल बड़ा होने के कारण और सीसीटीवी लगवाए जाएं। उन्होंने मंडी परिसर की नालियों में भरी गंदगी पर रोष व्यक्त करते हुए परिसर में साफ सफाई कराने के निर्देेश दिए। औचक निरीक्षण में पाया कि मंडी समिति के दो चबूतरों पर फल सब्जी के आढ़तियों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। साथ ही कई स्थानों पर आढ़ती अपना सामना दुकान के सामने सड़क पर रखकर बेच रहे हैं। उन्होंने मंडी के चबूतरों पर अवैध कब्जा कराने वाले आढ़तियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश मंडी सचिव को दिए। इस दौरान मंडी सचिव अशोक सिंह सोलंकी आदि भी मौजूद रहे।