सहारनपुर। मंडलायुक्त एवी राजमौलि ने कहा कोरोना की संभावित तीसरी लहर में बच्चों की सुरक्षा के लिए मंडल की एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह मुस्तैद रखी जाए। बच्चों को अस्पताल तक इलाज के लिए 108 और 102 एंबुलेंस पूरी मदद करेंगी। बच्चों को तत्काल उपचार देने के लिए सभी एंबुलेंसों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाए।
मंडलायुक्त ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना से लड़ाई में 108 और 102 एंबुलेंस सेवाएं लाइफ लाइन साबित हुई हैं। तीसरी संभावित लहर को देखते हुए एंबुलेंस के स्टाफ को प्रशिक्षित किया जाए। एंबुलेंस को बच्चों के उपचार के लिए सभी जीवनरक्षक उपकरणों से लैस किया जाए। उन्होंने सभी पीएचसी एवं सीएचसी को एलर्ट रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मंडल में टीकाकरण अभियान को पूरी गति से चलाया जाए। उन्होंने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के भी निर्देश दिए।
शहरी गरीबों को मिलेगा अनुदान पर ऋण
सहारनपुर। नगरीय क्षेत्र में रहने वाले गरीबों को अपना उद्यम स्थापित करने के लिए ऋण लेने पर ब्याज पर अनुदान मिलेगा। जिला नगरीय विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी डा. अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि नगर निगम सहारनपुर, नगर पालिका गंगोह और देवबंद क्षेत्र में रहने वाले को व्यक्तिगत ऋण दो लाख रुपये और समूह ऋण 10 लाख रुपये उद्यम स्थापित करने के लिए ले सकते हैं। इस ऋण के ब्याज पर अनुदान मिलेगा। उन्होंने बताया कि इसके लिए 12 जुलाई से आवेदन पत्र वितरित किए जाएंगे। आवेदन करने वाले के पास आधार कार्ड, एक लाख रुपये वार्षिक आय का प्रमाणपत्र होना चाहिए।