आइआइए भवन में बजट देखते व्यापारी
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन से जुडे़ उद्यमियों ने मंगलवार को पेश हुए आम बजट पर चर्चा की। उन्होंने बजट में किए गए प्रावधानों पर संतोष व्यक्त किया और बजट को सराहा।
प्रताप मार्केट स्थित कार्यालय पर आयोजित बजट पर चर्चा में उद्यमियों ने विचार रखे। चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सड़ाना ने कहा कि लघु उद्योग एवं कृषि क्षेत्र बड़ी संख्या में रोजगार सृजित करते हैं। इन दोनों क्षेत्रों को मजबूत करने से ही देश की उन्नति के साथ ही प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने में मदद मिलेगी। आम बजट में कृषि क्षेत्र को लिए कई घोषणाएं की, लेकिन एमएसएमई सेक्टर के लिए कुछ विशेष नहीं दिया गया है।
हालांकि बजट में सूक्ष्म और लघु उद्योगों के लिए दो लाख करोड़ रुपये की अतिरिक्त मदद की घोषणा क्रेडिट गारंटी ट्रस्ट (सीजीटीएमएसई) के तहत इस बजट में दी गई है। 1.30 करोड़ एमएसएमई को इमरजेंसी क्रेडिट लिंक्ड के तहत अतिरिक्त क्रेडिट प्रदान किया जाएगा। युवाओं को इस बजट में साधा गया है। स्टार्टअप को रक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में मौका दिया गया है। इस बजट में इंफरास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए एक वर्ष में 25 हजार किलोमीटर हाईवे बनाने, आठ नए रोपवे बनाने, हाईवे विस्तार पर 20 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव रखा गया है, लेकिन इनकम टेक्स स्लैब में कोई राहत लोगों को नहीं मिली है। फिर भी बजट सराहनीय है।
पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रमोद मिगलानी ने कहा कि इस बजट में लघु उद्योग के लिए कुछ खास नहीं दिया गया है। संस्था ने वित्तमंत्री को विदेशों से आने वाले सामानों पर इंपोर्ट ड्यूटी कम किए जाने के संबंध में सुझाव दिए थे। जिसे स्वीकार करते हुए इस बजट में घोषणा कि गई कि विदेशों से आने वाली मशीनें सस्ती होगी। आईटीआर के दो वर्ष तक सुधारने का मौका दिए जाने का प्रावधान प्रशंसनीय कदम है। इस दौरान अशोक गांधी, राकेश गांधी, सुनील सैनी, सतीश अरोड़ा, राजेश गुप्ता, विनय दहूजा, सरदार परमजीत सिंह, ऋषभ अग्रवाल आदि उपस्थित रहे।