पौधरोपण कार्यक्रम में आमजन की भागेदारी सुनिश्चित करें : संयुक्ता समद्दार
सहारनपुर। जनपद की नोडल अधिकारी संयुक्ता समद्दार ने कहा पौधरोपण कार्यक्रम में सभी सरकारी विभाग के साथ ही आमजन की भागेदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पौधरोपण के लिए जनपद को जोन और सेक्टर में बांटकर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए जाएं। उन्होंने ग्राम दूधली बुखारा पहुंचकर मियावाकी पद्धति से तैयार किए जा रहे पौधों का निरीक्षण किया। कलक्ट्रेट परिसर में कदंब का पौधा भी रोपा।
रविवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में नोडल अधिकारी ने कहा कि पौधरोपण कार्यक्रम में सभी विभागों के साथ स्वयं सहायता समूहों को जोड़ा जाए। उन्होंने अमृत वन, शक्ति वन, नगर वन, खाद्य वन, बाल वन एवं युवा वन के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शक्ति वन में महिलाओं द्वारा पौधारोपण किया जाएगा। बाल वन में बच्चों से पौधारोपण करवाएं। जिन स्कूलों में चहारदीवारी नहीं है वहां पर अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करवाएं। पौधारोपण के लिए सभी स्कूलों में एक नोडल शिक्षक की नियुक्ति की जाए। उन्होंने जियो टेगिंग का निश्चित रूप से पालन कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि जनपद को 45.92 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है। इसमें वन विभाग को 12.50 लाख और अन्य विभागों को 33.42 लाख का लक्ष्य दिया गया है। उन्होंने कहा कि पांच से सात जुलाई तक लक्ष्य का 85 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया जाएगा और शेष 15 फीसदी को 15 अगस्त को होने वाले अमृत वन महोत्सव के तहत पूरा किया जाएगा।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी, डीएफओ शिवालिक प्रभाग श्वेता सैन, डीएफओ सामाजिक वानिकी आईसी सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक डॉक्टर राकेश कुमार, उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमरीष कुमार आदि मौजूद रहे।