- हाथियों द्वारा किए जा रहे नुकसान को लेकर किसानों में बेचैनी
- वन विभाग से हाथियों को खेतोें में आने से रोकने की मांग, आंदोलन की चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
हरेवली। साहूवाला वन क्षेत्र के गांव इनायतपुर के जंगल में हाथियों के झुंड ने रविवार देर रात फिर से गन्ने की फसल को रौंद कर बर्बाद किया। किसानों में नुकसान को लेकर बेचैनी है और वन विभाग के अधिकारियों के प्रति असंतोष पनप रहा है। किसानों का कहना है कि महंगाई के दौर में खेती करना मुश्किल काम हो गया है। वन विभाग के अधिकारियों को किसानों की फसलों को उजाड़ने से बचाने के लिए कोई मजबूत कदम नहीं उठा रहे हैं।
क्षेत्र के गांव हरेवली, भगौता, शाहनगर, कुराली, रामनगर, गोसाई, सहारावाला, इनायतपुर, जाफरपुर सहित कई गांवों के लोगों ने बताया कि उनके खेतों में हाथियों शनिवार की रात्रि हाथियों का झुंड आ गया था। उन्होंने ग्राम इनायतपुर निवासी किशन सिंह, हरपाल सिंह, विजयपाल सिंह, राजेश सिंह, अशोक कुमार, बृजपाल सहित करीब 20 से अधिक किसानों की 50 बीघा से अधिक गन्ने की फसल को रौंदकर बर्बाद कर दिया था।
रविवार की रात फिर से हाथियों ने गन्ने की फसल में जमकर उत्पात मचाया। उनका लाखों रुपये का नुकसान हो गया। रात में ही सूचना वन विभाग को दी, लेकिन अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांवों में आकर उनकी परेशानी को सुनना गवारा नहीं किया। ग्रामीणों ने रात में तेज आवाज से हाथियों के झुंड को वन क्षेत्र की ओर खदेड़ा। किसानों का कहना है कि वह कर्ज लेकर खेती कर रहे हैं। आरोप है कि वन विभाग के अधिकारी बर्बाद फसलों की क्षतिपूर्ति करने का भरोसा तो देते हैं पर कार्रवाई कोई नहीं होती।
उधर, साहूवाला रेंज के वन क्षेत्र अधिकारी रामवृज यादव का कहना है कि हाथियों को आबादी क्षेत्र में आने से रोकने का प्रयास किया जा रहा हैै। इसके लिए को टीम को लगा रखा है।