सहारनपुर। कलक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद मामले में पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान के निवास पर बैठक हुई। बैठक में मस्जिद कमेटी समेत अन्य लोग मौजूद रहे, जिन्होंने मस्जिद का बचाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़ने पर विचार किया।
पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि मामले की पैरवी निचली अदालत से लेकर हाईकोर्ट और जरूरत पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट तक मजबूती के साथ की जाएगी। उन्होंने कहा कि उन्हें न्यायपालिका और संविधान में पूरा विश्वास है। सभी कदम कानून और संविधान के दायरे में रहकर उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से एकजुटता के साथ कानूनी प्रक्रिया को समर्थन करने की अपील की। यह भी कहा कि सहारनपुर ने गंगा-जमुनी संस्कृति को सदैव आगे बढ़ाया है। इस प्रकरण में भी सब लोग मिलकर न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे।
जामा मस्जिद के प्रबंधक मौलवी फरीद मजाहिरी ने कहा कि मामले में समाज के विभिन्न वर्गों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने मस्जिद प्रकरण में अधिवक्ताओं और मस्जिद कमेटी का मनोबल बढ़ाने तथा हर तरह से सहयोग करने की अपील की। इस दौरान अधिवक्ता नौशाद, मोहम्मद अली, अधिवक्ता राव सलीम खान, अधिवक्ता जमाल साबरी, पूर्व पार्षद जमीर अहमद, रईस मलिक, डॉ. अबरार आदि रहे।