चिलकाना/गंगोह (सहारनपुर)। बिजली चोरी पकड़ने के लिए विभाग की टीमों ने अभियान चलाया। चिलकाना में 25 और गंगोह में 14 जगहों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। अधिकारियों की इस कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप मचा है।
चिलकाना के गांव पंचकुआ, टोडरपुर भूकड़ी तथा शाहपुरा दाऊद में बृहस्पतिवार को बिजली चोरी रोकने के लिए विद्युत निगम की टीम ने अभियान चलाया। अधिशासी अभियंता विनोद कुमार, उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत बिंद, अवर अभियंता मनोज गिरी के नेतृत्व में टीमों ने बिजली चोरी को रोकने हेतु चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने 25 जगहों पर विद्युत चोरी पकड़ी।
गंगोह के लखनौती में ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने चेकिंग अभियान चलाया। इसमें 15 बकाएदारों के कनेक्शन काटे गए और 14 जगहोें पर बिजली चोरी पकड़ी। अवर अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि क्षेत्र में लाइन लॉस अधिक होने के कारण चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एसडीओ सतीश रावत, भगवान सहाय, बबलू कुमार, उमर, अंकित, लाइनमैन प्रदुमन सैनी, विपिन कुमार आदि रहे।