गंगोह। नगर पालिका परिषद गंगोह में नामित सभासदों ने वार्ड 18 के सभासद पहल सिंह सैनी पर फेसबुक लाइव के माध्यम से आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
शनिवार को नामित सभासदों की शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद भाजपा नगराध्यक्ष राजेश गांधी, जिला पंचायत सदस्य सुशील कम्हेड़ा, सभासद डाॅ. काशीराम सैनी, जैलसिंह भारती, आर्य कुमार बालियान, अवनीश मोघा, शशांक गोयल व विनोद शर्मा आदि कोतवाली पहुंचे। वहां डॉ. काशीराम सैनी ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उन्हें सरकार द्वारा नगर पालिका परिषद गंगोह में नामित सभासद बनाया गया है। आरोप है कि वार्ड संख्या 18 के सभासद पहल सिंह सैनी ने फेसबुक पर लाइव आकर न केवल नामित सभासदों के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि देश के प्रधानमंत्री के बारे में भी आपत्तिजनक टिप्पणी की।
उनका कहना है कि आरोपी के इस कृत्य से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित महसूस कराया गया है। मामले के साक्ष्य के रूप में फेसबुक लाइव की रिकॉर्डिंग पेन ड्राइव के माध्यम से पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने बताया कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।