चिलकाना के दंगल में अपना दमखम दिखाते पहलवान। संवाद
चिलकाना। बस स्टैंड स्थित मां देवी बाला सुंदरी मंदिर परिसर में शनिवार को नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित राष्ट्रीय एकता विशाल दंगल में पहलवानों ने दमखम दिखाया। दंगल में दूर-दराज से आए पहलवानों ने रोमांचक मुकाबले पेश कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आदिवासी पहलवान चिमचिम डोगरा ने अपना दबदबा कायम किया।
उन्होंने रोमांचक मुकाबले में दिल्ली के बाबा शक्तिमान को शिकस्त दी। दंगल की पहली कुश्ती अपलाना के बाबा सुशील पहलवान और मुजफ्फरनगर के कल्लू पहलवान के बीच हुई, जिसमें सुशील पहलवान ने जीत दर्ज की।
एक अन्य मुकाबले में भूटान के आदिवासी पहलवान चिम-चिम डोगरा ने गाजीपुर के राहुल यादव को चित कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया। अगले मुकाबले में रामपुर के बिल्लू पहलवान ने हरियाणा के सोनू पहलवान को हराया। महिला कुश्ती में गंगोह की आइशा पहलवान ने सहारनपुर की आरजू पहलवान को मात दी। वहीं हरियाणा के संजू पहलवान ने नेपाल के थापा पहलवान को पराजित किया।
केरल के कुंभकर्ण पहलवान और हरियाणा के अशोक राणा के बीच हुई आठ मिनट तक चली। इस रोमांचक कुश्ती में अशोक राणा ने बाजी मारी। दंगल का मुख्य आकर्षण भूटान के आदिवासी पहलवान चिम-चिम डोगरा और दिल्ली के बाबा शक्तिमान के बीच हुआ मुकाबला रहा, जिसमें चिम-चिम डोगरा ने शानदार जीत हासिल कर दबदबा कायम रखा।
इस दौरान सोनू सिंघल, तेजपाल प्रधान, प्रदीप शास्त्री, अनुज शर्मा, रेफरी सद्दाम अली, इरशाद पहलवान, मोहम्मद अली, हाजी मंसूर, इस्लाम प्रधान, शमशाद पहलवान (देवबंद) और शमशेर पहलवान आदि मौजूद रहे।